पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष गौरवमयी पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद आगामी 11 और 12 जून को पीलीभीत और पूरनपुर क्षेत्र के दो दिवसीय सघन दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री 11 जून को सुबह 11:00 बजे शाहजहांपुर के प्रसाद भवन से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर पूरनपुर विधानसभा के गोमती नदी बंजार घाट पहुंचेंगे। यहाँ दोपहर 12:30 बजे से वह केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे, जिसमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, चौपाल और गोमती नदी के जीर्णोद्धार कार्यक्रम का समापन मुख्य रूप से शामिल रहेगा।
इसके बाद, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद पूरनपुर कस्बे में प्रबुद्ध वर्ग जनसम्पर्क अभियान चलाएंगे। इस दौरान वह डॉ. दिनेश गुप्ता (अशोक कालोनी), बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना व पूर्व सभासद अमन वाल्मीकि (मोहल्ला कायस्थान), समाजसेवी रवि गुप्ता (मोहल्ला बमनपुरी), रामपाल पांडेय (प्रसाद टाकीज के पास), राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक बादशाह जी (लाइन पार) और सर्राफ सुशील वर्मा (मोहल्ला चौकी) सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों से उनके निवास पर जाकर सीधा संवाद करेंगे। शाम 5:00 बजे उनका पीलीभीत शहर में आगमन होगा, जहाँ वे रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन, 12 जून को सुबह 10:30 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी सभागार में स्थानीय सांसद निधि से बने बारातघरों और सामुदायिक केंद्रों का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे बरखेड़ा विधानसभा के ग्राम बनकटी पहुंचकर चौपाल कार्यक्रम में आम जनता से रूबरू होंगे। दोपहर बाद पीलीभीत शहर की नई बस्ती (मधुवन कालोनी) में प्रबुद्ध वर्ग संवाद के तहत वे सीए संजय अग्रवाल और सीए रितु महाजन से भेंट करेंगे।
जनसम्पर्क का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहेगा, जिसमें वे रमा कॉलेज मार्ग, डिग्री कॉलेज के पास और गांधी स्टेडियम रोड पर एडवोकेट वी.डी. पाण्डे, एडवोकेट देवी सिंह लोधी, शिक्षक राजीव वर्मा, डॉ. महेश अग्रवाल, डॉ. शैलेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ. जे.एन. मिश्रा और डॉ. एस.के. अग्रवाल से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात एल.एच. फैक्टरी रोड पर डॉ. पी.डी. सिंह, कमले का चौराहा पुलिस चौकी के पास व्यापारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता और राम वाटिका कालोनी में संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राजीव अवस्थी से मिलकर चर्चा करेंगे। शाम 3:55 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद पीलीभीत से सड़क मार्ग द्वारा बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे, जहाँ रात 9:00 बजे 36, एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित आवास पर उनका आगमन होगा।