कानपुर देहात: जनपद के शिवली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवली-रूरा मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में मातम और आक्रोश पैदा कर दिया है। एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जिसके बाद मंगलवार सुबह परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे शिवली-रूरा मार्ग पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक और राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला भी तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण इस बात से बेहद नाराज हैं कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे। ग्रामीणों की मांग है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और सड़क पर लाइटिंग व स्पीड ब्रेकर जैसे सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार वाहन चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जांच के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)