लखनऊ/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकी संगठनों के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को एटीएस की टीम ने मुरादाबाद से आईएसआईएस (ISIS) के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े संदिग्ध आतंकी हारिश अली को गिरफ्तार किया है। हारिश मूल रूप से सहारनपुर का निवासी है और वर्तमान में मुरादाबाद के एक कॉलेज से बीडीएस (BDS) सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था।
एटीएस की शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। हारिश अली न केवल आईएसआईएस के विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में था, बल्कि वह भारत सरकार को अस्थिर करने और देश में शरिया कानून लागू कर ‘खिलाफत’ (Islamic State) व्यवस्था स्थापित करने की साजिश का हिस्सा था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर युवाओं के बीच आईएसआईएस की कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा को फैलाने का काम भी कर रहा था।
एटीएस के मुताबिक, हारिश का नाम पूर्व में गिरफ्तार हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) से जुड़े आईएसआईएस मॉड्यूल के आतंकियों से पूछताछ के दौरान सामने आया था। वह प्रतिबंधित टेलीग्राम चैनलों और अन्य एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए अपने आकाओं से निर्देश ले रहा था। फिलहाल, एटीएस ने आरोपी के पास से डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं और उसे रिमांड पर लेकर नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
