पीलीभीत। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कैलेंडर वर्ष 2026 की जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विगत बैठक में दिए गए निर्देशों की विभागवार अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई तथा सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए सभी सड़क निर्माण संस्थाओं को अपने-अपने मार्गों को शीघ्र गड्ढामुक्त कराने तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन विभाग को जनपद के प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली वृक्षों की निचली टहनियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस को कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यकता अनुसार व्यस्त मार्गों पर प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए गए।
सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को संयुक्त अभियान चलाकर आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई तथा मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परिवहन निगम के सहायक प्रबंधक को निर्देशित किया कि पूरनपुर बस अड्डे से ही रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निजी एवं सरकारी बसें अपने-अपने निर्धारित बस अड्डों से ही संचालित हों तथा मुख्य चौराहों पर सवारी न बैठाई जाए। उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद के प्रमुख मार्गों के निकट संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर दुर्घटना पीड़ितों के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर मंदिरों एवं मार्गों पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा कहीं भी कूड़ा-करकट जमा न होने देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ एवं क्षेत्राधिकारी यातायात को जनपद से होकर गुजरने वाली अनाधिकृत बसों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों के सहयोग से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता कर उनके जीवन की रक्षा करने वाले राहवीरों श्री इंतजार खान एवं श्री अर्जित गंगवार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा एआरटीओ को राहवीर योजना के अंतर्गत दोनों सम्मानित व्यक्तियों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारी यातायात, परिवहन विभाग की यात्रीकर/मालकर अधिकारी, समस्त सड़क निर्माण एजेंसियों के अधिशासी अभियंता एवं साइट इंजीनियर, नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, रोडवेज के सहायक प्रबंधक, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, वन विभाग के रेंजर तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।