रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के तत्वावधान में रम्पुरा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सामाजिक सहयोग से वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। साथ ही नवदंपतियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत कबीर दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मां काली मंदिर से छह सजी हुई बग्गियों में दूल्हों की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर निकली बारात रम्पुरा के प्रमुख मार्गों से होते हुए मां दुर्गा मंदिर स्थित विवाह स्थल पहुंची।
बारात का नेतृत्व मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली ने किया। विवाह स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी छह जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पार्षद अंजलि कोली, पार्षद सोनी कोली, एडवोकेट संजीव गुप्ता, करन सिंह कोली, रवि कोली, केरू मंडल, कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली, अजय नारायण सिंह, मनोज गुप्ता, कमलदीप सोनकर, धर्मपाल कोली, संजय ठुकराल, नीलम अग्रवाल, कुसुम जैन, दीप्ति अग्रवाल, अंजू बंसल, केपी गंगवार, राजू गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।