पीलीभीत। शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और राजस्व की क्षति रोकने के लिए बुधवार को परिवहन विभाग ने जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन टीम ने क्षमता से अधिक माल लादकर चल रहे पांच बड़े वाहनों को सीज कर विभिन्न थानों में निरुद्ध किया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) वीरेंद्र सिंह और यात्रीकर अधिकारी बर्डिस चतुर्वेदी की अगुवाई में चली इस सघन चेकिंग से डग्गामार और ओवरलोड वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा रहा।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न मार्गों पर गुजर रहे माल वाहनों की तकनीकी जांच की गई। चेकिंग में दो ट्रक, दो डंपर और एक डीसीएम सहित कुल पांच वाहन अपनी निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक भार का परिवहन करते पाए गए। मोटरयान अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने दो वाहनों को गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी, एक वाहन को पूरनपुर चीनी मिल पुलिस चौकी और एक वाहन को बीसलपुर थाना पुलिस की सुपुर्दगी में देते हुए सीज कर दिया।
माल वाहनों के साथ-साथ यात्री वाहनों पर भी विभाग की पैनी नजर रही। बहराइच से दिल्ली जा रही एक निजी बस को रोककर जब उसके प्रपत्रों की जांच की गई, तो पाया गया कि बस स्वामी द्वारा परमिट की शर्तों का खुला उल्लंघन कर यात्रियों को ढोया जा रहा था। नियमों की अनदेखी पर विभागीय अधिकारियों ने बस का चालान कर भारी जुर्माना अधिरोपित किया। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।