अमरिया, पीलीभीत। आगामी महाशिवरात्रि और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए शुक्रवार को थाना अमरिया परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी मयंक गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शांति व्यवस्था कायम रखने और शासन के निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
​बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम मयंक गोस्वामी ने उपस्थित ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों से कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ग्राम प्रधानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने गांवों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं। साथ ही, उन्होंने शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
​उपजिलाधिकारी ने धार्मिक आयोजनों को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम में लाउडस्पीकर का प्रयोग केवल अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही किया जाए, ताकि कानून का उल्लंघन न हो। इसके अतिरिक्त, यदि किसी आयोजन में झूलों आदि का प्रबंध किया जाता है, तो उसकी पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने शिव भक्तों (कांवड़ियों) की सुविधा के लिए गांवों में उचित विश्राम और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
​इस शांति वार्ता में ग्राम प्रधान हसीब अहमद, परमिंदर सिंह, इंद्रपाल, मौलाना तारिक मिस्बाही, हाफिज एजाज अहमद, मौलाना नदीम, हाफिज मोहम्मद अनस, चंद्र प्रकाश गुप्ता, छत्रपाल समेत क्षेत्र के दर्जनों संभ्रांत नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *