​पीलीभीत। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत देशनगर स्थित एक नामचीन प्रॉपर्टी डीलिंग कंपनी के कार्यालय में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां काम करने वाले एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो ‘मधुरवानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी में कर्मचारी था। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
​घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई सुनील कुमार का कहना है कि कंपनी के मालिक वेद कश्यप, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही रह चुके हैं और वीआरएस लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं, उन्होंने अनिल को सुबह पांच बजे कार्यालय बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि कार्यालय में ही काम करने वाली एक युवती से संबंधों को लेकर अनिल और मालिक के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश के चलते अनिल की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है।
​पुलिस को शुरुआती जांच में घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसमें युवक कार्यालय के ऊपरी हिस्से की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तह तक जाने के लिए मृतक के मोबाइल फोन की सीडीआर खंगाल रही है। एक पूर्व पुलिसकर्मी के स्वामित्व वाली कंपनी में हुई इस संदिग्ध मौत ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
​क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी दीपक चतुर्वेदी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi