सितारगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत चल रहे 100 दिवसीय योग काउंटडाउन अभियान के अंतर्गत 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सितारगंज में शुक्रवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर योग के महत्व का संदेश दिया।
एसएसबी परिसर में आयोजित योग सत्र के दौरान कार्मिकों को योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उप कमांडेंट प्रियदर्शिनी निहारिका ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्मिकों को योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से भी नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।
इस अवसर पर निरीक्षक सुशील कुमार, निरीक्षक प्रकाश जोशी, एसआई विकास कुमार सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।