देवप्रयाग। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद अंतर्गत देवप्रयाग क्षेत्र से एक बेहद दुखद और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर चकासा के पास अनियंत्रित होकर एक इनोवा कार गहरी खाई को चीरती हुई सीधे नदी में जा गिरी। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य (Rescue Operation) के लिए मौके पर पहुंच गईं।

3 शव बरामद, एक मासूम बच्चे को जांबाजी से सुरक्षित निकाला
अब तक मिले आधिकारिक अपडेट के मुताबिक, रेस्क्यू टीमों ने बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच गहरी खाई और पानी से 02 पुरुषों और 01 महिला के शवों को बरामद कर लिया है। वहीं, इस हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीम ने 01 मासूम बालक को अत्यंत जांबाजी के साथ सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है।

नदी के तेज बहाव के बीच SDRF की ‘डीप डाइविंग टीम’ तैनात
कार के सीधे नदी में समा जाने के कारण दुर्घटना के बाद 04 अन्य व्यक्ति पानी के तेज बहाव में लापता हो गए हैं । लापता लोगों की तलाश के लिए उत्तराखंड पुलिस और SDRF की विशेषज्ञ ‘डीप डाइविंग टीम’ (Deep Diving Team) को पानी में उतारा गया है। पहाड़ी नदी के अत्यधिक ठंडे पानी, तेज बहाव और गहरे जलक्षेत्र की भारी चुनौतियों के बीच जांबाज गोताखोरों द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडरों की मदद से संभावित गहराई वाले स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन जुटा जानकारी जुटाने में
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर यात्रियों की पहचान और उनके मूल पते की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि उनके परिजनों को समय पर सूचित किया जा सके। मौके पर जिला प्रशासन के आला अधिकारी डटे हुए हैं और शेष 04 लापता व्यक्तियों की खोज के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार युद्धस्तर पर जारी है। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi