पीलीभीत। गांधी स्टेडियम रोड स्थित टेम्पटेशन रेस्टोरेंट में हुई तैयारी बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय इनर व्हील क्लब पीलीभीत की अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना, मेला चेयरमैन रोजी दीक्षित, सचिव महिमा अग्रवाल और शालिनी अग्रवाल ने संयुक्त वक्तव्य जारी किया। क्लब पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि इनर व्हील क्लब का बहुप्रतीक्षित वार्षिक मेला ‘उत्सव दिलों का’ आगामी 24 सितंबर (गुरुवार) को स्थानीय रामा गार्डन, पीलीभीत में आयोजित किया जा रहा है। मेले का समय प्रातः 11:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक रहेगा। इस बार के मेले को विशेष रूप से एक भव्य उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जो नगर वासियों—विशेषकर महिलाओं और बच्चों के दिलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ेगा।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न वर्गों में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पेंटिंग, ड्राइंग, मेहंदी, फैंसी ड्रेस, फेयरलेस कुकिंग, नेल आर्ट और डांस कॉम्पिटिशन मुख्य आकर्षण रहेंगे। मेला एडवाइजर सुमन गुप्ता, इंदु अग्रवाल और प्रिंसी अग्रवाल ने बताया कि मेले में खरीदारी और खान-पान के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आए स्टॉलों पर आगामी करवा चौथ, दीपावली, गृह सज्जा (डेकोरेशन), साड़ी और सूट के नवीनतम कलेक्शन उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही खान-पान के शौकीनों के लिए विभिन्न प्रकार की चाट, लस्सी, कोल्ड ड्रिंक्स और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
मेला कमेटी और क्लब अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना ने समस्त पीलीभीत नगर वासियों को परिवार सहित मेले में पधारने का सहर्ष आमंत्रण दिया है। उन्होंने बताया कि इस मेले से प्राप्त होने वाली समस्त आमदनी का उपयोग समाज सेवा के कार्यों में किया जाएगा।