पीलीभीत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 49वीं वाहिनी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के दिशा-निर्देशन में वाहिनी के कार्यक्षेत्र में स्थित सीमा चौकी शारदापुरी पर नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सिलाई मशीन वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं एवं लाभार्थियों को सिलाई मशीनें भेंट की गईं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व सीमावर्ती महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है। सिलाई मशीनें प्राप्त कर प्रसन्न दिख रहीं स्थानीय महिलाओं ने सशस्त्र सीमा बल की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि बल द्वारा सुरक्षा दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ सीमांत क्षेत्र के नागरिकों के कल्याण और विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।