पीलीभीत। इनर व्हील क्लब ऑफ पीलीभीत ग्रेटर (डिस्ट्रिक्ट 311) के नवीन सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण एवं इंस्टॉलेशन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्य अतिथि क्लब सीजीआर रीमा अग्रवाल ने नवनियुक्त अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल, सचिव अंशु अग्रवाल, आईएसओ चार्मी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सोनाली अग्रवाल, संपादक डॉ. ऋद्धि अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य अंजलि सिंघल, नीलिमा अग्रवाल, निशा अग्रवाल, सीए ऋतु महाजन और डॉ. दीपा मिश्रा सहित समस्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई।
नवीन सत्र की शुरुआत एक अनूठी और अनुकरणीय पहल के साथ करते हुए क्लब ने जिला अस्पताल के एक डायलिसिस मरीज को गोद लेने तथा उसके उपचार में निरंतर सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. रजनीश कुमार एवं प्रद्युम्न शर्मा ने कहा कि इनर व्हील का मूल उद्देश्य सेवा, मित्रता और अंतरराष्ट्रीय समझ को बढ़ावा देना है। ऐसे संवेदनशील कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव आते हैं।
नवनियुक्त क्लब अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस पूरे सत्र के दौरान महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाएगा। समारोह में क्लब की सभी महिला सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में आए हुए सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।