देहरादून। सोशल मीडिया पर रील बनाकर शौक पूरा करना एक घरेलू सहायिका को भारी पड़ गया। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में करीब एक वर्ष पहले हुई लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील के जरिए हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, राजपुर क्षेत्र के एक परिवार के घर से पिछले वर्ष सोने-चांदी के गहने और एक कीमती डायमंड हार चोरी हो गया था। उस समय किसी पर संदेह नहीं होने के कारण मामला अनसुलझा रहा।

जांच में सामने आया कि घरेलू सहायिका ने चोरी के बाद डायमंड हार बेचने की कोशिश की, लेकिन बिल नहीं होने के कारण कोई जौहरी उसे खरीदने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उसने इंस्टाग्राम पर अकाउंट बनाकर उसी हार को पहनकर फोटो और रील पोस्ट करनी शुरू कर दी।

संयोगवश, हार की असली मालकिन की नजर सोशल मीडिया पर पड़ी और उन्होंने अपने विशेष डिजाइन वाले हार को पहचान लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

राजपुर थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम अकाउंट को ट्रैक कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य का डायमंड हार, गोल्ड चेन और डायमंड पेंडेंट सहित चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Site designed and maintained by Lalit Rastogi