आगरा: ताजनगरी के खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा आगरा-जलेसर मार्ग पर नगला चंदन के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने सवारियों से भरे दो ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।
नशे की वजह से हुआ बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर चालक अत्यधिक नशे की हालत में था और ट्रक लगभग 100 किमी/घंटा की रफ्तार से लहराते हुए आ रहा था। उसने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और उसे काफी दूर तक घसीटता ले गया, फिर दूसरे ऑटो को भी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वे सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे।
जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसे का शिकार हुए सभी लोग हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के रहने वाले थे और जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर ट्रेन से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वे स्टेशन से ऑटो बुक कर अपने गांव जा रहे थे, तभी घर पहुँचने से पहले ही यह काल बन कर आया कंटेनर उनसे टकरा गया।
गुस्साई जनता ने ड्राइवर को पीटा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जनता ने भागने की कोशिश कर रहे कंटेनर ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज (SN Medical College) में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
ताज़ा स्थिति: पुलिस कमिश्नर सहित जिले के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया जा रहा है।