पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अगस्त 2026 से प्रारंभ होने वाले नवीन प्रशिक्षण सत्र के लिए प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया-2026 के अंतर्गत प्रथम चरण चयन सूची के माध्यम से अभ्यर्थी 27 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि 12 बजे तक (अवकाश के दिनों सहित) अपना प्रवेश सुनिश्चित करा सकते हैं। सभी अभ्यर्थी अपने प्रवेश परिणाम की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।
चयन परिणाम में प्रथम चरण के अंतर्गत आवंटित अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों, अंकपत्रों, उनकी दो-दो स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों तथा 6 पासपोर्ट साइज नवीनतम फोटोग्राफ के साथ संबंधित आवंटित राजकीय अथवा निजी आईटीआई संस्थान में तत्काल संपर्क करें। संस्थान में उपलब्ध चयन सूची से अभिलेखों का सत्यापन एवं जांच करवाने के उपरांत अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि तक अपना प्रवेश पूर्ण करा लें। प्रवेश प्रक्रिया अथवा अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।