पीलीभीत। जनपदवासियों के लिए रविवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। शहर के व्यस्ततम असम चौराहे पर नवनिर्मित फ्लाईओवर को ट्रायल के लिए आधिकारिक रूप से खोल दिया गया है। करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 1 किलोमीटर से अधिक लंबे फोरलेन फ्लाईओवर पर वाहनों का आवागमन शुरू होने से शहरवासियों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ट्रायल की शुरुआत नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) द्वारा विधिवत हवन-पूजन के साथ की गई। कार्यदायी संस्था के मुख्य अभियंता दिलीप बनर्जी ने पूजन अनुष्ठान संपन्न कराया, जिसके बाद दोपहर में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर फ्लाईओवर की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पूरे पुल का भ्रमण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची और शेष बचे छोटे-मोटे कार्यों को अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के कार्यालय में बैठक कर प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में इसे ट्रायल के तौर पर खोला गया है ताकि यातायात व्यवस्था का आकलन किया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि फ्लाईओवर का औपचारिक उद्घाटन जल्द ही गरिमामय ढंग से किया जाएगा, जिसके लिए समय निर्धारित किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री, संरक्षक तारिक कुरैशी, प्रसून शुक्ला और जितेंद्र अवस्थी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से न केवल स्थानीय यातायात सुगम होगा, बल्कि नेशनल हाईवे पर लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों को भी असम चौराहे के भारी जाम से जूझना नहीं पड़ेगा।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)