पीलीभीत। लोक निर्माण विभाग द्वारा मझोला से अमरिया मार्ग के निर्माण में बरती जा रही घोर लापरवाही और गुणवत्ता विहीन कार्य को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। गिधौर क्षेत्र के ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल से संपर्क कर मार्ग निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार की गंभीर शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से धरातल की सफाई कराए बिना ही मिट्टी और कूड़े के ऊपर मात्र एक इंच मोटी डामर की परत बिछाई जा रही है, जो कुछ ही दिनों में उखड़ने की कगार पर है। जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री प्रतिनिधि ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की जमीनी हकीकत परखी।
​निरीक्षण के दौरान कपिल अग्रवाल ने पाया कि सड़क निर्माण के मानकों की सरेआम अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मौके से ही लोक निर्माण विभाग के संबंधित उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग निर्माण की गुणवत्ता ‘श्रेष्ठ श्रेणी’ की रखी जाए और जो कार्य अब तक अधोमानक या खराब तरीके से किया गया है, उसकी तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। प्रतिनिधि ने चेताया कि सरकारी धन का दुरुपयोग और जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


​कपिल अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण से पूर्व धरातल की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए और डामरीकरण निर्धारित मानक और मोटाई के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने कहा कि मझोला-अमरिया मार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों को भी आश्वस्त किया कि वे स्वयं इस कार्य की निगरानी करेंगे और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi