रुद्रपुर। घर बैठे पेंसिल पैकिंग का काम दिलाने और अच्छी कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने 64 वर्षीय बुजुर्ग को अपने जाल में फंसा लिया। खुद को नटराज पेंसिल्स प्राइवेट लिमिटेड के पैकेजिंग विभाग का अधिकारी बताने वाले आरोपियों ने अलग-अलग खातों और क्यूआर कोड के जरिए रकम जमा कराई। बाद में रिफंड के नाम पर भी ठगी का प्रयास किया गया। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रुद्रपुर के आवास विकास निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें घर बैठे पेंसिल पैकिंग का काम करने की योजना के बारे में जानकारी मिली थी। उन्हें बताया गया कि 15 दिन काम करने के बदले 15 हजार रुपये दिए जाएंगे और अगले 15 दिन के लिए कंपनी की ओर से पैकिंग सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रस्ताव पर भरोसा कर उन्होंने आवेदन कर दिया।
इसके बाद उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज आने लगे। तहरीर के मुताबिक, पंकज सिंह मौर्या नाम के व्यक्ति ने खुद को नटराज पेंसिल्स के पैकेजिंग विभाग का अधिकारी बताया। शुरुआत में 15 हजार रुपये जमा कराने के बाद अलग-अलग समय पर विभिन्न बैंक खातों और क्यूआर कोड पर रकम भेजने के लिए कहा गया।
पीड़ित के अनुसार, उनसे एयरटेल पेमेंट्स बैंक, आईसीआईसीआई बैंक समेत कई खातों में अलग-अलग रकम जमा कराई गई। एक खाते में 8,199 रुपये, जबकि अन्य खातों में 3,199 रुपये और 5,000 रुपये समेत कई भुगतान कराए गए। इसके बाद आरोपी लगातार और रकम भेजने का दबाव बनाते रहे।
जब नरेंद्र कुमार ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपियों ने 19,500 रुपये रिफंड करने का भरोसा दिया और इसके लिए एक क्यूआर कोड भेजा। लगातार संदिग्ध संदेश आने और रकम की मांग किए जाने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही बैंक खाते और एटीएम कार्ड को बंद कराया। तहरीर के अनुसार, 10 से 13 अगस्त के बीच आरोपियों ने उनसे करीब एक लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस अब संबंधित बैंक खातों, क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर और लेनदेन से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है।