लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एटीएस (ATS) की बड़ी कार्रवाई जारी है। राजधानी की NIA कोर्ट ने प्रतिबंधित संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े आतंकी हारिश की 5 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब एटीएस हारिश को अपनी कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ करेगी। मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला हारिश बीते 15 मार्च को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया था।
डिजिटल डेटा से खुलेगा राज:
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय हारिश के हॉस्टल से मोबाइल, आईपैड और पेन ड्राइव जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए थे। इन डिजिटल उपकरणों की शुरुआती जांच में युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने और कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने के पुख्ता सुराग मिले हैं। एटीएस अब इन डेटा के जरिए हारिश के अन्य संदिग्ध साथियों और स्लीपर सेल के नेटवर्क तक पहुँचने की कोशिश करेगी।
सहारनपुर और मुरादाबाद ले जाएगी टीम:
रिमांड अवधि के दौरान एटीएस की टीम हारिश को उसके ठिकानों यानी सहारनपुर और मुरादाबाद लेकर जाएगी। वहां उन लोगों की पहचान की जाएगी जो हारिश के संपर्क में थे या उसके मॉड्यूल का हिस्सा थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि हारिश सोशल मीडिया के माध्यम से सीमा पार बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में था और उत्तर प्रदेश में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)