पीलीभीत। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज स्टेडियम रोड स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने समक्ष बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने और नियमित हाथ धोने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद आवश्यक है। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और कोई भी पात्र बच्चा दवा खाने से वंचित न रहे।