पीलीभीत। जनपद में महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने आज विकास भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उन्होंने परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित वॉल पेंटिंग और आकर्षक कलाकृतियों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रहे प्रयासों को और गति देने के निर्देश दिए।
​निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आर-सेटी) पहुंचे, जहाँ उन्होंने टेडी बेयर निर्माण प्रशिक्षण शिविर का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और युवतियों से सीधा संवाद कर स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने फोन पर उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु ऋण उपलब्धता के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।


​इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित ‘वॉटर प्यूरीफायर’ स्टॉल का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि महिला स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अंतिम पायदान पर खड़ी महिला भी लाभान्वित होकर आत्मनिर्भर बन सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक और उपायुक्त स्वतः रोजगार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *