​पीलीभीत। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद पीलीभीत के तत्वावधान में मंगलवार को स्काउट भवन में ‘यातायात सड़क सुरक्षा’ विषय पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट एवं जिला मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर उपस्थित रहे। उनके साथ जिला विद्यालय निरीक्षक एवं उपाध्यक्ष राजीव कुमार तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने स्काउट और गाइड द्वारा बनाए गए पोस्टरों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान गाइडों ने एक प्रभावी नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया।
​कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश परिवहन द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के निर्णयों की जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक जनपद में चार यातायात ब्रांड एम्बेसडर नामित किए गए हैं। पीलीभीत जनपद से जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) सचिन सक्सेना, आईटी कॉर्डिनेटर अभिषेक प्रजापति और गाइड कैप्टन गुंजन पांडे को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।


​इस अवसर पर जिला मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर ने अपने संबोधन में जोर दिया कि यातायात जागरूकता के लिए हम सभी को एकजुट होकर अभियान चलाना होगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार ने जनपद के समस्त विद्यालयों में स्काउट और गाइड के माध्यम से यातायात नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अनुष्का, कुमकुम, मुस्कान, चांदनी, अंतरा, सृष्टि और शिवांगी सहित कई गाइड प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *