पीलीभीत। जनपद में वन्यजीवों के रिहायशी इलाकों में आने का सिलसिला जारी है, जिसे देखते हुए वन विभाग की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं। ताजा मामले में पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की पीलीभीत रेंज के अंतर्गत मरौरी सेक्शन के रेलवे स्टेशन तिराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नर चीतल भटककर एक दुकान के भीतर घुस गया। दुकान में हिरण को देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही प्रभागीय निदेशक (डीएफओ) भारत कुमार डीके के निर्देश पर डिप्टी रेंजर शेर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद चीतल का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद विभाग द्वारा चीतल का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार, वन्यजीव को जंगल के भीतर उसके प्राकृतिक वास में सुरक्षित मुक्त कर दिया गया है। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर टीम लगातार गश्त कर रही है और आबादी क्षेत्र में आने वाले जीवों को बिना किसी नुकसान के वापस जंगल पहुँचाया जा रहा है। स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाके से चीतल का सुरक्षित रेस्क्यू करना विभाग के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गौरतलब है कि वन विभाग की यह टीम पिछले 48 घंटों से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर काफी सक्रिय है। इससे एक दिन पूर्व भी इसी टीम ने शहर के मोहल्ला मोहम्मद फारूक से एक अन्य हिरण का रेस्क्यू किया था। वह हिरण घायल अवस्था में मिला था, जिसका वन विभाग की निगरानी में समुचित उपचार कराया गया। स्वस्थ होने के बाद उसे भी प्राकृतिक वातावरण में रिलीज कर दिया गया है। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और वन्यजीव प्रेमियों ने सराहना की है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)