​पीलीभीत। जनपद की पीलीभीत रेंज के मरौरी क्षेत्र अंतर्गत ‘घेरा रिछोला वेटलैंड’ पर सोमवार को ‘विश्व वेटलैंड दिवस’ एवं ‘बर्ड वाचिंग डे’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने पक्षियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पक्षी हमारे पर्यावरण के अनमोल प्रहरी और पारिस्थितिकी तंत्र का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं और जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रवासी पक्षियों का आगमन हमारे समृद्ध पर्यावरण का सूचक है, इसलिए हमारा नैतिक दायित्व है कि हम इनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और शिकार जैसी गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाकर इन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करें।


​कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं प्रभागीय निदेशक वन एवं वन्य जीव प्रभाग भरत कुमार डी.के. ने नम भूमि (वेटलैंड) की महत्ता पर विशेष जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वेटलैंड केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि पृथ्वी की ‘किडनी’ हैं, जो पर्यावरण को शुद्ध रखने और भूगर्भ जल स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि घेरा रिछोला जैसे वेटलैंड जैव विविधता का केंद्र हैं, जिनका संरक्षण जलवायु परिवर्तन के दौर में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन आर्द्रभूमियों को प्रदूषण मुक्त रखने और इनके सौंदर्यीकरण में विभाग का सहयोग करें।
​इस गौरवशाली अवसर पर प्रशिक्षु डीएफओ सर, ग्राम प्रधान लीलावती, क्षेत्रीय वन अधिकारी विनीत प्रकाश श्रीवास्तव और भाग्यवती पब्लिक स्कूल बसंतपुर के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। साथ ही उप क्षेत्रीय वन अधिकारी शेर सिंह व दिग्विजय सिंह, वन दरोगा नवीन सिंह बोरा, शैलेंद्र कुमार, दिनेश कुमार व कौशेंद्र कुमार ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। जिला पर्यावरण समिति से डॉ. आदर्श कुमार, नमामि गंगे के डीपीओ सौरभ प्रताप सिंह, ड्राफ्टमैन निखिल कुमार, डब्लू.डब्लू.एफ. से राजेंद्र कुमार, वनरक्षक अमित तिवारी एवं भाग्यवती पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित पीलीभीत रेंज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने एक सुर में वेटलैंड और वन्यजीवों के संरक्षण की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *