Breaking News, Banner template yellow background illustration vector design

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के भदईपुरा इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक को घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान युवक की मां ने साहस दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसके पास से तमंचा बरामद हुआ है।

पुरानी रंजिश में वारदात
भदईपुरा निवासी नीरज त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दोपहर करीब 1:30 बजे घर से दवा लेने जा रहा था। तभी सुमित बंगाली अपने साथियों रविषेक यादव, विशाल और सोहन के साथ दो-तीन बाइकों पर सवार होकर आया। पुरानी मारपीट की बात को लेकर सुमित बंगाली ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

मंदिर में घुसकर बचाई जान
आरोप है कि सुमित बंगाली ने कमर से तमंचा निकाला और नीरज पर तान दिया। जान बचाने के लिए नीरज पास के शनि मंदिर के अंदर घुस गया। सुमित ने उस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए।

मां की बहादुरी: आरोपी को बाइक समेत पकड़ा
जब हमलावर मौके से भागने लगे, तो नीरज की मां पूनम त्यागी ने दिलेरी दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी सोहन मलिक को बाइक समेत दबोच लिया। सुमित बंगाली और उसके अन्य साथियों ने अपने साथी को छुड़ाने के लिए हवाई फायरिंग भी की, लेकिन नाकाम रहे और भाग निकले।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोहन मलिक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सुमित बंगाली, रविषेक यादव, विशाल और सोहन के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई:
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी सुमित बंगाली और अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मौके से पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *