​पीलीभीत। जनपद के गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षागृह में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के संबोधन का सजीव प्रसारण एलईडी के माध्यम से जिले भर से आए शिक्षामित्रों को दिखाया गया। समारोह में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।


​समारोह के दौरान अतिथियों ने शिक्षामित्रों को मंच पर बुलाकर बढ़े हुए 18,000 रुपये के मानदेय का डेमो चेक प्रदान किया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बीएसए रोशनी सिंह के त्वरित प्रयासों के चलते जैसे ही शिक्षामित्रों को डेमो चेक सौंपा गया, वैसे ही ऑनलाइन माध्यम से अप्रैल माह का बढ़ा हुआ मानदेय उनके खातों में हस्तांतरित कर दिया गया। खाते में तत्काल भुगतान का संदेश मिलते ही शिक्षामित्रों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जिले के कुल 1457 शिक्षामित्रों को इस बढ़ी हुई धनराशि का लाभ मिला है।


​जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों और शिक्षामित्रों के समर्पण से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने शिक्षामित्रों से आह्वान किया कि वे स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाएं और हर उस बच्चे को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ें जो अभी तक स्कूल नहीं जा रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, सभ्यता देवी वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और विभिन्न शिक्षामित्र संघों के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *