शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से तनावपूर्ण खबर सामने आई है, जहाँ अराजक तत्वों द्वारा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना थाना निगोही के कटैया गांव की है। मूर्ति तोड़े जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रशासन ने तुरंत कराई मरम्मत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। किसी भी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सही कराया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

सीसीटीवी की निगरानी में आरोपी
पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

शांति बनाए रखने की अपील
स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *