राजस्थान के सुप्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी का शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। उदयपुर के दरोली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में उनके चालक राजेंद्र सोनेरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, धनराज जोशी गुरुवार रात हल्दीघाटी के निकट सेमल गांव में आयोजित भजन संध्या में प्रस्तुति देने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे दरोली के पास यह हादसा हुआ, जिसमें उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे संगीत जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। मेवाड़ और मारवाड़ क्षेत्र में उनकी भजन गायकी और खास अंदाज को बेहद पसंद किया जाता था।

धनराज जोशी ने कम उम्र से ही संगीत की दुनिया में पहचान बना ली थी। एक साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *