सितारगंज। किच्छा हाईवे पर मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई थी। वहीं, मामले में पुलिस ने तेजी और लापरवाही से कार चलाने के मामले में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव नकहा निवासी जाकिर ने बताया कि 29 अप्रैल को उसका निकाह होना था। 28 अप्रैल को उसकी बहन निशा, हिना और ममेरी बहन रूबी उसकी शादी का समान खरीदने के लिए सितारगंज बाजार गए थे।
बताया कि तीनों बहनें ई-रिक्शा से वापस घर लौट रहे थे। तभी किच्छा हाईवे पर नयागांव के पास तीनों ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रहे थे। इसी बीच पीछे से आई एक कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वह चचेरे भाई नाजिम के साथ मौके पर पहुंचा। तीनों बहनों को इलाज के लिए उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
बताया कि तीनों को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में छोटी बहन हिना ने दम तोड़ दिया। जबकि, उसकी बड़ी बहन निशा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, ममेरी बहन रूबी का इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *