रुद्रपुर/किच्छा। ऊधमसिंह नगर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। रुद्रपुर और किच्छा पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ मिलकर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 71 लाख रुपये मूल्य की 236.73 ग्राम स्मैक बरामद की है।

रुद्रपुर: बरेली का तस्कर 103 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा
पहली कार्रवाई रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर बागवाला के पास हुई। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 103.33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (26 वर्ष), निवासी मीरगंज, बरेली के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह स्मैक की यह खेप बरेली के फतेहगंज क्षेत्र से लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

किच्छा: लालपुर में महिला तस्कर ‘छिन्दौ’ गिरफ्तार
दूसरी बड़ी कामयाबी किच्छा पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की टीम को महराया कट क्षेत्र में मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध महिला को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष), निवासी टिब्बा लालपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के कब्जे से स्मैक के साथ नगदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत किच्छा कोतवाली में मामला पंजीकृत किया गया है।

युवाओं को नशे से बचाने का संकल्प
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बरामद की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 71 लाख रुपये है। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि स्मैक सप्लाई के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *