-थाने में पति-पत्नी के बीच सुलह कराने गए ग्राम प्रधान के साथ पुलिस ने की मारपीट और गाली गलौज

पीलीभीत। गजरौला थाने में ग्राम प्रधान बीरबल के खिलाफ पुलिस द्वारा जबरन मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगा है। अजीतपुर पटपरा निवासी रूपलाल पुत्र बालक राम ने पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव को शिकायत कर बताया है कि गजरौला थाने के एसओ ब्रजवीर सिंह, दरोगा सुनील कुमार और सिपाही विक्रांत बालियान ने उन्हें डरा-धमकाकर सादा कागजों पर हस्ताक्षर कराए और प्रधान के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया।
रूपलाल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके दामाद सुनील कुमार और बेटी वर्षा देवी के बीच विवाद चल रहा है। इसी मामले में सुलह-समझौते के उद्देश्य से वह 21 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम प्रधान बीरबल पुत्र मैकुलाल के साथ गजरौला थाने गए थे।
थाने में बातचीत के दौरान एसओ ब्रजवीर सिंह, दरोगा सुनील कुमार और सिपाही विक्रांत वालियान ने ग्राम प्रधान से 40,000 रुपये की मांग की। जब प्रधान ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो पुलिसकर्मी कथित तौर पर भड़क गए।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ग्राम प्रधान को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं और कहा, “साले पसेटा थाने पर नेतागिरी करता है, अभी तेरी नेतागिरी निकालते हैं।” इसके बाद प्रधान बीरबल को जबरन एक कमरे में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया।
रूपलाल ने यह भी आरोप लगाया कि थाने के एसओ, दरोगा और सिपाही ने उन्हें भी जबरन पकड़कर एनकाउंटर की धमकी दी और सादे कागजों पर हस्ताक्षर कराए। इसके बाद ग्राम प्रधान बीरबल के खिलाफ मु०अ०सं०-0079/2026 धारा-351(3) बी०एन०एस० के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया और उन्हें धारा 151 में तत्काल चालान कर दिया गया।
रूपलाल का कहना है कि उन्हें शिकायत करने पर एनकाउंटर करने की धमकी भी दी गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से ग्राम प्रधान बीरबल के खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करने और आरोपी पुलिसकर्मियों एसओ ब्रजवीर सिंह, दरोगा सुनील कुमार और सिपाही विक्रांत वालियान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *