पीलीभीत। क्षेत्र के अत्यंत प्राचीन एवं सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘बड़ाताल’ पर पारंपरिक चौपाई कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के ही प्रख्यात कलाकारों द्वारा अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण एकत्रित हुए। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण के बीच कलाकारों ने “उठ चलो भरत रघुवर आए” और “तुम खूब किए सम्मान अब घर जावेंगे” जैसी भावपूर्ण चौपाइयों का गायन व मंचन किया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से गूंज उठा।
इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक उत्सव में मुख्य रूप से पहुंचे किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने सभी कलाकारों और आगंतुकों का गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने स्वयं भी कलाकारों के साथ चौपाई खेलकर इस प्राचीन परंपरा को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में यशपाल, रजनीश गंगवार और प्रमुख कलाकारों में रामलाल, भुवनेश, भगवान दास, विजय बहादुर, पातीराम, नरेंद्र कुमार, प्रीतम, प्यारेलाल, कृपाल, मुनीश कुमार, गंगा प्रकाश व सचिन गंगवार ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

आयोजन के दौरान प्रधान हरिओम गंगवार, कमलेश पटेल, विवेक कुमार, राम बहादुर गंगवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। बड़ाताल के इस ऐतिहासिक महत्व वाले स्थान पर हुए इस आयोजन ने न केवल क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया, बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल भी पेश की। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने इस प्राचीन परंपरा को इसी प्रकार निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)