पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न मंडलों में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा-अभियान’ के तहत दो दिवसीय कार्यशालाओं का भव्य आयोजन किया गया। गजरौला, बरखेड़ा, बरहा और ललौरीखेड़ा मंडलों में आयोजित इन प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और आगामी लक्ष्यों से अवगत कराया गया। ललौरीखेड़ा और बरहा मंडल के प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं, गजरौला मंडल में भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और बरखेड़ा मंडल में विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशालाओं का आगाज किया।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पार्टी नेतृत्व द्वारा निर्धारित विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य वक्ताओं में विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, लोकसभा संयोजक रहे दीपक अग्रवाल, जिला महामंत्री लेखराज भारती और अभियान के जिला संयोजक व जिला महामंत्री दिनेश पटेल शामिल रहे। इनके साथ ही जिला उपाध्यक्ष तुलाराम लोधी, जिला मंत्री मंगली प्रसाद वर्मा, जिला आईटी संयोजक धर्मेंद्र लोधी, पूर्व जिला आईटी संयोजक अभिमन्यु गंगवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष सत्यपाल वर्मा व मानसिंह राठौर और विस्तारक अंशुमन तिवारी ने भी कार्यशालाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के गुर सिखाए।

इन कार्यशालाओं में संगठनात्मक एकजुटता का स्वरूप भी देखने को मिला। कार्यक्रमों में बरखेड़ा मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, गजरौला मंडल अध्यक्ष कपिल सिंह, ललौरीखेड़ा मंडल अध्यक्ष सुमित सागर और बरहा मंडल अध्यक्ष अनीता कश्यप ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमशंकर वर्मा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री नागेंद्र प्रताप सिंह, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अमित कुशवाह, आईटी संयोजक हरिओम शर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष संजीव गंगवार और सभासद चंद्रपाल दिवाकर सहित सभी मंडलों के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, शक्ति केंद्र संयोजक और मोर्चा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दो दिवसीय अभियान से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)