पीलीभीत। टनकपुर रोड स्थित बेनहर गुरुकुल के रंजीत स्टेडियम में आज कक्षा दूसरी से चौथी तक के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय सब-जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. परविंदर सिंह सैहमी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और टॉस उछालकर किया। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे खिलाड़ियों के खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। टूर्नामेंट में बेनहर हरक्यूलस, बेनहर टाइटन और बेनहर गुरुकुल वॉरियर की टीमों ने हिस्सा लिया। विद्यालय की संस्थापिका रंजीत सैहमी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी में जीतने की प्रतिभा होती है, बस बुलंद हौसलों की जरूरत है। वहीं, मैनेजिंग डायरेक्टर गुरदित्त सिंह सैहमी ने खेलकूद को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करता रहेगा।
मैदान पर रोमांचक मुकाबलों के दौरान प्रधानाचार्या डॉ. निर्मल कौर और एकेडमिक इंचार्ज आयुषी दीक्षित ने उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता का पहला मैच बेनहर गुरुकुल वॉरियर और बेनहर हरक्यूलस के बीच खेला गया, जिसमें बेनहर हरक्यूलस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला बेनहर टाइटन और बेनहर हरक्यूलस के बीच हुआ, जिसमें कड़ी टक्कर के बाद बेनहर हरक्यूलस ने 11 रनों से विजय प्राप्त की। जीत के साथ ही पूरा पवेलियन दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
