पीलीभीत। जनपद की ग्राम सभाओं में स्थित श्मशान भूमियों की दुर्दशा और उपेक्षा को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को संगठन के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना राज्यमंत्री एवं सदर विधायक संजय सिंह गंगवार से भेंट कर उन्हें इस गंभीर समस्या से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में श्मशान घाटों की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि अधिकांश स्थानों पर वर्षों से साफ-सफाई और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। कई गांवों में श्मशान की भूमि पर अवैध कब्जे हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने विशेष रूप से ग्राम चिड़ियादाह का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां गंदगी और झाड़-झंखाड़ के अंबार के कारण अंत्येष्टि के लिए भी जगह नहीं बची है।
ज्ञापन के माध्यम से हिंदू महासभा ने आरोप लगाया कि पूर्व में जिलाधिकारी को अवगत कराने के बावजूद अब तक शासन के निर्देशों का जिला स्तर पर पालन नहीं किया गया है। उन्होंने मंत्री से मांग की कि जनपद की सभी श्मशान भूमियों की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जे हटाए जाएं और वहां नियमित साफ-सफाई, समतलीकरण व मजबूत चहारदीवारी का निर्माण कराया जाए। साथ ही, अंत्येष्टि में आने वाले लोगों के लिए टीन शेड और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई। संगठन ने कार्यों की पारदर्शिता के लिए वीडियो व फोटो के माध्यम से सत्यापन की भी मांग रखी है। इस अवसर पर जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना सहित सुनील कश्यप, हरिओम मिश्रा, प्रकाश अग्निहोत्री और प्रेम सागर शर्मा जैसे तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने स्पष्ट किया कि जनभावनाओं से जुड़े इस विषय पर प्रशासन की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)