पीलीभीत। शिक्षा के प्रति अभिभावकों और ग्रामीणों को जागरूक करने तथा उन्हें उनके दायित्वों का बोध कराने के उद्देश्य से बिलसंडा विकासखंड में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कस्बे के एक बैंकट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा और विशिष्ट अतिथि डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में विकासखंड के समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों और ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास में शिक्षकों और ग्राम प्रधानों का विशेष योगदान है। उन्होंने विद्यालयों के ‘कायाकल्प’ अभियान की सफलता पर चर्चा की और आगामी ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत अधिक से अधिक नामांकन करने की अपील की। विधायक ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए दियोरिया कला गांव में बनने वाले ‘मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय’ के बारे में भी जानकारी साझा की। डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने ग्राम प्रधान को गांव एवं विद्यालय का मुख्य स्तंभ बताते हुए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि जनपद का नाम प्रदेश में अग्रणी रहे।
कार्यशाला के दौरान परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने शिक्षण सहायक सामग्री के माध्यम से अपनी शिक्षण प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के 20 ‘निपुण’ बच्चों को उनकी शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया, साथ ही उत्कृष्ट टीएलएम प्रदर्शित करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। समस्त एआरपी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों के सहयोग से ही आज गरीब परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच रही है और बच्चे डेस्क-बेंच पर बैठकर पढ़ रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि 1 अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ प्रारंभ हो रहा है, जिसके अंतर्गत गांवों में जन जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। कार्यक्रम का कुशल संचालन एआरपी सोमपाल राठौर ने किया। इस दौरान एआरपी मुन्ना, शिव प्रकाश मिश्रा, नीरज त्रिपाठी, शैलेंद्र गंगवार, ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र प्रताप, उमेश चंद्र मिश्रा सहित भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
