पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानू) की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत सोमवार को तहसील सदर प्रांगण में आयोजित की गई। तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस पंचायत में किसानों की स्थानीय और ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित एक 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की।
पंचायत को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर ने कहा कि सदर तहसील में किसानों के अंश निर्धारण और शिकायतों के फर्जी निस्तारण की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए किसान दर-दर भटक रहा है और तहसील कोर्ट के चक्कर काटने को मजबूर है।
पंचायत में अन्य पदाधिकारियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं पर कड़ा रोष व्यक्त किया। जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा ने तहसील परिसर में पेयजल की भारी किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूरे प्रांगण में आगंतुकों के लिए पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है और इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिला सचिव डालचंद मौर्य ने बताया कि ग्राम पंचायत जलीय बिसौली में ‘जल जीवन मिशन’ के तहत सड़कें और खड़ंजे तोड़ दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों का रास्ता निकलना दूभर हो गया है। इसी क्रम में तहसील प्रचार मंत्री निर्मल प्रसाद मौर्य ने ग्राम पंचायत मीरपुर में गांव के बीच से गुजर रही 11,000 वोल्टेज की हाई-टेंशन लाइन को हटाने और वहां एलटी लाइन लगवाने की मांग की।
वहीं, ब्लॉक अध्यक्ष सुखलाल गंगवार ने ललौरीखेड़ा ब्लॉक के विकास विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पंचायत में संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से सुरेश कुमार पासवान, सेवाराम पासवान, प्रसाद पासवान, ओम प्रकाश पासवान, ओमप्रकाश मौर्य, पवन सिंह, सुंदरलाल, धर्मपाल वर्मा, हरिनंदन, हर प्रसाद मौर्य, सोहनलाल, शुक्ला, नारायण लाल, ओमकार, मंगल लाल, निशा देवी और वेदवती सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
