पीलीभीत। अयोध्या के श्री राम मंदिर में रामलला की स्थापना की दूसरी वर्षगांठ के पावन अवसर पर गुरुवार देर शाम अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा भव्य धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए नगर के ईदगाह फाटक स्थित आदर्श चैतन्य शिव मंदिर परिसर में हिंदू महासभा के जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु राम की स्तुति और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई। इसके पश्चात भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान रहा। संगठन के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसाद वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा ने कहा कि रामलला की स्थापना केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, अटूट आस्था और राष्ट्र चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि हिंदू महासभा समाज में धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
उद्घाटन समारोह और धार्मिक अनुष्ठान में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, संरक्षक संजय पांडेय, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना समेत भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला इकाई की ओर से जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह, महामंत्री कविता वंशवाल और नगर अध्यक्ष सुमन कश्यप ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में जितेंद्र मौर्य, राहुल देव, सुनील कश्यप, चेतन श्रीवास्तव और अर्जुन ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।