​पीलीभीत। मंडी परिषद स्थित कृषक विश्राम गृह में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू) की जिला स्तरीय मासिक पंचायत संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष भजनलाल किरोधी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में किसानों की समस्याओं, आगामी होली पर्व और संगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को आगामी 13 से 15 मार्च तक अयोध्या में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पंचायत में भारी संख्या में पहुंचने का निर्देश दिया, ताकि जनपद की समस्याओं से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जा सके। साथ ही उन्होंने सभी को नशामुक्त और शांतिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
​पंचायत में किसानों के उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा ने गन्ना किसानों की बदहाली पर रोष जताते हुए कहा कि बरखेड़ा और मकसूदापुर चीनी मिलों द्वारा बकाया भुगतान न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शासन-प्रशासन से ब्याज सहित भुगतान दिलाने और घटतौली पर रोक लगाने की मांग की। वहीं, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने स्थानीय प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
​संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी विभिन्न विभागीय लापरवाहियों को उजागर किया। जिला सचिव बालमुकुंद प्रजापति ने समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के दो वर्षों से लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की। तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर ने संविदा कर्मचारियों के 6-6 माह से रुके वेतन पर चिंता जताई, जबकि जिला महामंत्री अशोक राठौर ने आवास योजनाओं में धांधली का आरोप लगाते हुए पात्रों को लाभ दिलाने की बात कही।
​पंचायत में प्रदेश संगठन मंत्री शिवचरण लाल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष बाबूराम वर्मा, बालमुकुंद प्रजापति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं महिला पदाधिकारी उपस्थित रहीं, जिन्होंने एक स्वर में किसान हितों की रक्षा का संकल्प लिया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *