Background screen saver on breaking news. Business / Technology News Background. Breaking News Live on World Map Background


​पीलीभीत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 5-दिवसीय बैंकिंग की वर्षों से लंबित और तर्कसंगत मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भारतीय स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सह महामंत्री (उत्तर क्षेत्र) तथा यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक्स यूनियन के जिला संयोजक शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि संगठन की ओर से 27 जनवरी को एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। उन्होंने इस आंदोलन को बैंककर्मियों के धैर्य की सीमा और उनके निरंतर संघर्ष का ‘ऐतिहासिक उद्घोष’ करार दिया।
​शैलेंद्र गुप्ता ने हाल ही में मुख्य श्रम आयुक्त द्वारा बुलाई गई बैठक का हवाला देते हुए कहा कि यूनाइटेड फॉर्म ऑफ़ बैंक्स यूनियन की घटक यूनियनों, भारतीय बैंक संघ और वित्तीय सेवा विभाग के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बैंककर्मियों के कार्य-दबाव और योगदान के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। सरकार की इसी ‘हठधर्मिता’ और टालमटोल की नीति के विरोध में सभी घटक संगठनों ने एकजुट होकर 27 जनवरी की हड़ताल को पहले से कहीं अधिक व्यापक, धारदार और क्रांतिकारी स्वरूप देने का निर्णय लिया है।
​संगठन ने बैंक कर्मचारियों से इस संघर्ष में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। शैलेंद्र गुप्ता ने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई केवल एक मांग की नहीं, बल्कि बैंककर्मियों के सम्मान, स्वास्थ्य और कार्य-जीवन संतुलन की है। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपनी सामूहिक शक्ति और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए हर शाखा और कार्यालय में एकजुटता दिखाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि 27 जनवरी को होने वाला यह ‘महाआंदोलन’ सत्ता के गलियारों तक बैंककर्मियों की बुलंद आवाज पहुँचाने का काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *