पीलीभीत। जनपद में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके ‘पुष्प इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज एण्ड हायर स्टडीज’ आगामी 22 फरवरी को अपना 21वां स्थापना दिवस भव्य रूप में मनाने जा रहा है। इस गौरवशाली अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। संस्थान के ट्रस्टी सतीश जायसवाल, निदेशक डॉ. एसपीएस संधू और अनुज भटनागर ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण संस्थान के 32 स्वर्ण पदक से सम्मानित होनहार छात्र-छात्राएं होंगे, जिन्होंने विभिन्न विषयों में विश्वविद्यालय स्तर पर गत वर्षों में स्वर्ण पदक जीतकर जिले में संस्थान का परचम लहराया है।
सन 2005 में स्थापित यह स्ववित्तपोषित संस्थान सिविल लाइंस के समीप प्राकृतिक वातावरण में स्थित है, जिसका मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा की बढ़ती आवश्यकताओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना है। संस्थान के प्रबंधन ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में पुष्प इंस्टीट्यूट सर्वाधिक 32 स्वर्ण पदक विजेताओं वाला जनपद का अग्रणी संस्थान बन गया है। यह उपलब्धि यहाँ की शैक्षणिक उत्कृष्टता, विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। यहाँ का अनुशासित वातावरण और नवाचार की संस्कृति छात्रों को न केवल विश्वविद्यालय परीक्षाओं में बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।
संस्थान की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए प्रबंधन ने बताया कि यहाँ सुव्यवस्थित संकाय के साथ-साथ एक समृद्ध केंद्रीय पुस्तकालय है, जिसमें 11 हजार से अधिक पुस्तकों और 25 पत्रिकाओं का संग्रह है। जिले का यह एकमात्र कॉलेज है जो प्रत्येक छात्र के व्यक्तिगत मार्गदर्शन के लिए ‘मेंटोर’ की सुविधा प्रदान करता है। अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली और छात्र-छात्राओं के लिए अलग कॉमन रूम जैसी सुविधाओं से लैस यह संस्थान समय-समय पर औद्योगिक भ्रमण, सेमिनार और वेबिनार के माध्यम से छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान भी प्रदान करता है। आगामी 22 फरवरी को होने वाले समारोह में इन सभी संसाधनों और प्रतिभाओं का संगम देखने को मिलेगा, जहाँ मेधावियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी तथा जनपद के अग्रणीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी सम्मानित किया जाएगा।