पीलीभीत। जनपद में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को शूटिंग के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित शूटिंग परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय नगर मजिस्ट्रेटविजय वर्धन तोमर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पूर्व में वर्ष 2023 में यहाँ सफलतापूर्वक शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था, जिसके बाद अब इसे और बेहतर स्वरूप देने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने परिसर के रखरखाव को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि नगर पालिका के माध्यम से पूरे परिसर की सघन सफाई कराई जाए और दीवारों पर व्हाइट वाश कराते हुए परिसर को आकर्षक बनाया जाए। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को परिसर के समतलीकरण का कार्य तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि शूटिंग रेंज को व्यवस्थित कर इसे जिले की प्रमुख खेल गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए।
खेल आयोजन के विस्तार पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से संपर्क किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा छात्रों को शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाते हुए महिलाओं को भी इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर अवसर प्रदान करने की बात कही। राइफल क्लब के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने 12 बोर, 22 बोर और 32 बोर की श्रेणियों में प्रतियोगिताओं के आयोजन पर विचार-विमर्श किया और कहा कि आगामी शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और राइफल क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।