पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सिरसा सरदाह में पिछले दो दिनों से रहस्यमय ढंग से लापता इंटरमीडिएट के छात्र का शव गुरुवार सुबह गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
​घर से अचानक लापता हुआ था तरुण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सिरसा सरदाह निवासी वीरेंद्र कुमार का 20 वर्षीय पुत्र तरुण भारती बीते मंगलवार (10 फरवरी) की दोपहर करीब 1 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला तो मामले की सूचना गजरौला पुलिस को दी गई। गुरुवार सुबह गांव से लगभग 200 मीटर दूर भूपराम और शैलेंद्र कुमार के खेतों की मेड़ पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ पर तरुण का शव रस्सी के फंदे से लटका देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
​परिवार का इकलौता सहारा था मृतक
तरुण अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और उस पर घर की बड़ी जिम्मेदारी थी। पिता वीरेंद्र कुमार की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण तरुण पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी कर घर चलाता था और अपनी छोटी बहन आंता (16) व छोटे भाई आदेश (14) का ख्याल रखता था। ग्रामीणों के अनुसार, तरुण बहुत ही सरल और मिलनसार स्वभाव का था। उसकी मौत की खबर सुनते ही मां राधा देवी और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।
​पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गजरौला ब्रजवीर सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि परिजनों ने अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *