पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का नया पर्यटन सत्र शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन वन विभाग के अधिकारियों ने हवन-पूजन के बाद सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बार शुरुआत से ही पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, पहले दिन ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और ब्रिटेन से विदेशी पर्यटक भी पीलीभीत पहुंचे। वहीं, 9 नवंबर तक सफारी की सभी बुकिंग फुल होने की जानकारी सामने आई है।
वर्ष 2014 में टाइगर रिजर्व घोषित हुआ पीलीभीत अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और वन्यजीवों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। तराई के प्राकृतिक नजारे और बाघों की मौजूदगी यहां आने वाले वन्यजीव प्रेमियों को आकर्षित करती है।


ऑनलाइन बुकिंग और ठहरने की नई सुविधाएं
इस पर्यटन सत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की गई हैं। सैलानी घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। पर्यटकों के ठहरने के लिए थारू हट, वाटर हट और ट्री हट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अलावा वन्यजीव प्रेमियों के लिए सप्त सरोवर में नई कैंटीन शुरू की गई है। यहां पर्यटकों को बंगाली व्यंजनों का स्वाद चखाने की व्यवस्था की गई है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


वन राज्यमंत्री ने किया पर्यटन सत्र का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने विधिवत हवन-पूजन कर नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान और बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अनुराधा बेमूरी, अपर प्रधान वन संरक्षक रामकुमार, वन निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार सिंह, अपर प्रधान वन संरक्षक पिनाकी प्रसाद सिंह, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह, बरेली के प्रभागीय निदेशक प्रखर गुप्ता और पीलीभीत के प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डीके सहित कई वन अधिकारी उपस्थित रहे।


चूका तक की जंगल सफारी, डॉक्यूमेंट्री का लोकार्पण
शुभारंभ कार्यक्रम के बाद वन राज्यमंत्री और अधिकारियों ने जंगल सफारी कर चूका क्षेत्र का भ्रमण किया और वापस मुस्तफाबाद पहुंचे। इस दौरान वन मंत्री ने पर्यटन सत्र की पहली सफारी गाड़ी को रवाना किया।
उन्होंने पीलीभीत के उद्योगपति अश्विनी अग्रवाल की ओर से उपलब्ध कराए गए कागज के थैलों का विमोचन भी किया। इसके अतिरिक्त सप्त सरोवर पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का लोकार्पण किया गया।

विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी से बढ़ीं उम्मीदें
पर्यटन सत्र के पहले दिन विदेशी पर्यटकों की आमद और शुरुआती दिनों की बुकिंग को देखते हुए पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को अच्छे सत्र की उम्मीद है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बढ़ती पहचान और सुविधाओं के विस्तार से आने वाले दिनों में अधिक पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।