पीलीभीत। प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) का नया पर्यटन सत्र 2026-27 रविवार, 1 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस बार पर्यटकों को 15 दिन पहले जंगल सफारी का मौका मिलेगा। पहले पर्यटन सत्र की शुरुआत 15 नवंबर से होती थी, लेकिन इस बार इसे पहले खोलने का निर्णय लिया गया है। पर्यटक 1 नवंबर से 30 जून तक टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर सकेंगे।
नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना दोपहर 12 बजे मुस्तफाबाद इको पर्यटन केंद्र से करेंगे। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा बैमुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
तीन गेट से होगी जंगल सफारी
नए सत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए मुस्तफाबाद, महोफ और बराही गेट से सफारी वाहनों का संचालन किया जाएगा। सफारी दो शिफ्ट में चलेगी और प्रत्येक शिफ्ट में अधिकतम 47 वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा और वाहनों की निगरानी के लिए सभी सफारी वाहनों में जीपीएस लगाया गया है।
पर्यटकों को बुकिंग के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, 50 प्रतिशत वाहनों की एडवांस बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी, जबकि ऑफलाइन बुकिंग पीटीआर मुख्यालय से सात दिन पहले कराई जा सकेगी।
बराही गेट से पर्यटकों को मिलेगी नई सुविधा
इस बार बराही गेट को नए पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। इससे लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर की ओर से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। नए प्रवेश मार्ग के जरिए पर्यटकों को सफारी के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
वहीं, पर्यटकों के स्वागत के लिए चूका बीच, सफारी मार्गों, हटों और वाटर हटों की मरम्मत तथा रंग-रोगन का काम पूरा कर लिया गया है। चूका बीच की हटों की बुकिंग पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले ही पूरी हो चुकी है।

1200 से अधिक पर्यटकों ने कराई एडवांस बुकिंग
फील्ड डायरेक्टर पी.पी. सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने तैयारियों का जायजा लेते हुए बताया कि नए पर्यटन सत्र के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। डीएफओ मनीष सिंह के अनुसार, अब तक 33 विदेशी और 1,177 भारतीय पर्यटक एडवांस बुकिंग करा चुके हैं।
पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सफारी मार्गों की मरम्मत के साथ नए शौचालय तैयार किए गए हैं। चूका टॉवर को भी नया रूप दिया गया है। इसके अलावा परिसर में कैंटीन और वाहनों की उपलब्धता से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया है।
नए पर्यटन सत्र के शुरू होने से पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जंगल सफारी, वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए पर्यटक अब आठ महीने तक यहां पहुंच सकेंगे।