रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कई थाना और चौकी प्रभारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, विभिन्न पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती दी गई है।
तबादला सूची में सबसे प्रमुख बदलाव के तहत एसएसपी कार्यालय में तैनात निरीक्षक संजय पाठक को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जिले के कई प्रमुख चौकियों में भी नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
इन पुलिस अधिकारियों की बदली गई जिम्मेदारियां
जारी आदेश के अनुसार, सरकड़ा सितारगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक तिवारी को लालपुर चौकी, कोतवाली किच्छा भेजा गया है। बाजार चौकी रुद्रपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कोहली को सिडकुल सितारगंज चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सिडकुल सितारगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही को एसओजी रुद्रपुर भेजा गया है।
कोतवाली जसपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर तैनात भूपाल राम पौड़ी को शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी बनाया गया है। कोतवाली कुंडा में तैनात उपनिरीक्षक नवीन जोशी को मंडी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में रुद्रपुर द्वितीय कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेश कांडपाल को रम्पुरा चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है। बरहैनी, बाजपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप शर्मा को बाजार चौकी रुद्रपुर का नया प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात उपनिरीक्षक मनोज देव को बरहैनी, बाजपुर चौकी प्रभारी के पद पर भेजा गया है। लालपुर, किच्छा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद को कोतवाली जसपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, रम्पुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कौशिक को सरकड़ा, सितारगंज चौकी प्रभारी बनाया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
एसएसपी अजय गणपति ने सभी स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और चौकियों में पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारियां नए अधिकारियों के हाथों में होंगी।