पीलीभीत। जिले की 127 पीलीभीत विधानसभा सीट के राजनीतिक समीकरणों में शुक्रवार को एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। पूर्व कैबिनेट मंत्री मरहूम हाजी रियाज अहमद के बेटे शाने अली ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) में दोबारा वापसी कर ली है। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के अवसर पर उनके साथ क्षेत्र के हजारों स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी सपा का दामन थामा।
इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव (मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड) रिंकू पांडे, पूर्व प्रधान हसनैन, सैयद अंजुम, अफसर खान, सचिन पांडे, मनोज मिश्रा, राकेश शर्मा, राजू गुप्ता, अनुज गुप्ता, प्रिंस मौर्य, राजू वर्मा, दिनेश वर्मा, अरविंद गंगवार, सोनू गंगवार, रामपाल गंगवार, राजेश यादव, राहुल कश्यप और अनुराग बाजपेई सहित कई प्रमुख स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शाने अली की सपा में वापसी से आगामी चुनावों के मद्देनजर पीलीभीत के स्थानीय सियासी व जातीय समीकरणों में काफी हलचल देखने को मिल सकती है।