पीलीभीत। जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा आज मंडी पीलीभीत में स्थित धान क्रय केंद्रों एवं ग्राम रूपपुर कमालू के क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कराई और क्रय केंद्रों पर टोकन रजिस्टर, वेटिंग रजिस्टर, बोरा रजिस्टर तथा क्रय पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि कृषकों के धान की खरीद पूरी तरह मानक के अनुरूप की जाए। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर की जा रही तौल के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित किसानों से भी बातचीत की।


​जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो किसान धान बिक्री हेतु केंद्र पर आएं, उनकी तौल मानक के अनुसार सुनिश्चित की जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि हम सभी का दायित्व है कि छोटे से छोटे किसानों को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिले तथा दैनिक लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उच्च अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए।


​मौसम के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि खुले में धान बिल्कुल न रखा जाए और जो भी नियमित खरीद की जाए, उसका प्रतिदिन उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी दशा में धान बरसात से गीला न होने पाए। इस औचक निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट और जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi