पीलीभीत। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और वाल्मीकि जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निराश्रित गोवंश और बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठा

बैठक के दौरान संभ्रांत नागरिकों ने शहर में निराश्रित गोवंशों की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही, त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आश्वस्त किया कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली, सड़क, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।

सोशल मीडिया पर बिना जानकारी टिप्पणी न करने की अपील

डीएम ने कहा कि जनपद की शांति और अमन की परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के संभ्रांत लोगों से अपील की कि वे नई पीढ़ी के युवाओं को सोशल मीडिया पर किसी भी विषय की पूरी जानकारी लिए बिना अनावश्यक टिप्पणी करने से रोकें और उन्हें जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील भी की।

बिना अनुमति जुलूस निकालने पर होगी कार्रवाई

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव ने कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति जुलूस निकालने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने तथा नावों और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

प्रशासन ने मांगा सभी से सहयोग

बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों और नागरिकों के आपसी समन्वय से त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi